तहतक न्यूज /बिलासपुर,छत्तीसगढ़। एक प्रसिद्ध कहावत है "मियाँ बीबी राजी तो क्या करे काजी" अर्थात् जब दो लोग किसी काम के लिए आपस में सहमत हों तो बीच के तीसरे व्यक्ति की कोई भूमिका या प्रभाव नहीं रह जाता, लेकिन कलयुगी जमाने में इसके मायने ही बदल गए हैं। जी हाँ, मियाँ-बीबी के बीच पड़ने वाले तीसरे व्यक्ति के हस्तक्षेप से घटना कुछ ऐसा हो गया कि मामला थाने की दहलीज तक पहुँच गया। बिलासपुर जिले से ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां अपनी ही पत्नी को "आई लव यू" बोलने पर साले ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी और उसे जान से मारने की धमकी भी दे डाली।
यह पूरी घटना सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम नरगोड़ा की है, जहाँ ग्राम परसाही निवासी मदन लाल राजगीर, जो पेशे से ड्राइवर है, अपने एक दोस्त के साथ ससुराल (नरगोड़ा गांव) अपनी पत्नी सरस्वती को वापस विदा कराकर घर ले जाने पहुंचा था। बातचीत के दौरान मदन लाल ने अपनी पत्नी से प्यार का इजहार करते हुए "आई लव यू" कहा और साथ चलने की बात कही। वहीं, ससुराल वालों के सामने जीजा द्वारा बहन को "आई लव यू" बोलना साले को इतना नागवार गुजरा कि वह भड़क गया और गुस्से में आकर साले ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जीजा की जमकर धुनाई कर दी और उसे लहूलुहान कर दिया। इसके साथ ही आरोपियों ने बहन को भेजने से साफ इनकार कर दिया और जीजा को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित पति ने सीपत थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए साले सहित तीन आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है और अब कानूनी जांच जारी है।
बात तहतक की करें तो बड़े-बुजुर्गों ने ठीक ही कहा है कि पति-पत्नी के विवाद में नहीं पड़ना चाहिए वरन लेने के देने पड़ जाते हैं। पति-पत्नियों के सुबह के झगड़े शाम तक समाप्त हो जाते हैं। यही वजह है कि इनके बीच पड़ने वाले बेवजह बदनाम तो होते ही हैं, कभी-कभी मियाँ-बीबी भी मुसीबत में पड़ जाते हैं। अतः ऐसे मामलों से दूरी बनाये रखने में ही भलाई है।



