सुशासन तिहार के प्रथम शिविर में ही नागरिकों की उमड़ी भीड़, 63 आवेदन हुए प्राप्त

💥 महापौर ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश।
💥 आयुक्त क्षत्रिय ने शिविर के बाद की आवेदनों की समीक्षा।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज प्रथम शिविर का आयोजन वार्ड क्रमांक 21, 22, 23, 24, 47 एवं 48 के नागरिकों के लिए विनोबा नगर सामुदायिक भवन में किया गया। सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक आवेदन नगर निगम के लोक निर्माण विभाग से जुड़े सड़क एवं नाली मरम्मत-निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा राशन कार्ड बनाने संबंधित रहे। मौके पर ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा आवेदनों की प्राथमिक जांच कर त्वरित निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दो हितग्राहियों को भवन आवंटन पत्र वितरित किए गए, वहीं दो हितग्राहियों को जन्म प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
                  शिविर में नगर निगम, विद्युत, जल, स्वास्थ्य, राजस्व, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, संगवारी योजना एवं आधार कार्ड सुधार से संबंधित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इसके अलावा जिला स्तर के श्रम विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस विभाग के स्टॉल भी नागरिकों की सेवा में सक्रिय रहे।
शिविर का निरीक्षण महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति  डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ बबुआ, श्रीमती त्रिवेणी डहरे, अमित शर्मा एवं पार्षद प्रतिनिधि  पदुम प्रजा द्वारा किया गया। जनप्रतिनिधियों ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को राज्य शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों के आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और आम नागरिक के बीच की दूरी को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि हर नागरिक की समस्या को गंभीरता से लिया जाए और उसका त्वरित, समयबद्ध समाधान किया जाए। इस तरह के शिविरों से लोगों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं मिल रही हैं, जिससे उन्हें भटकना नहीं पड़ता है।
आयुक्त ने की शिविर स्थल पर आवेदनों की समीक्षा
         शिविर के उपरांत आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सभी विभागों के स्टॉल पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त श्री क्षत्रिय ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रत्येक आवेदन की समय पर ऑनलाइन एंट्री होने के साथ निराकरण से संबंधित संपूर्ण जानकारी हितग्राहियों को शीघ्र उपलब्ध करनी होगी।
उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सामंजस्य स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि आपसी तालमेल से ही आवेदनों का तेजी से निराकरण संभव है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को  संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए सुशासन तिहार के माध्यम से आमजन को त्वरित लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *