
तहतक न्यूज/पुसौर-रायगढ़, छत्तीसगढ़। वर्तमान समय को समझ पाना कठिन ही नहीं असंभव सा हो गया है। कब क्या कुछ विचित्र घट जाये कुछ कहा नहीं जा सकता। बता दें कि आज मंगलवार की सुबह स्कूल परिसर में फांसी पर दो दोस्तों की एक साथ लटकती लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
घटना पुसौर थाना क्षेत्र का है। ग्राम चिखली में आज सुबह 8 बजे के आसपास स्कूल परिसर के एक पेड़ में दो दोस्तों की फाँसी पर लटकती लाश मिली है। मृतकों की शिनाख्त दीपक बरेठ उम्र 21 वर्ष, निवासी तेतला तथा शिवशरण कर्ष उम्र 22 वर्ष, निवासी कटंगपाली, जिला सारंगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक बरेठ अपने दोस्त लाभोराम के साथ शिवशरण को कटंगपाली से जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिये लेने गया था। रास्ते में लाभोराम को उतारने के बाद दोनों दोस्तों ने साथ में जमकर शराब पार्टी की। इसके बाद न जाने ऐसा क्या हुआ कि एक ही फंदे पर दोनों की फाँसी पर लटकी हुई लाश मिली। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भेजते हुए ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। घटना स्थल पर किसी प्रकार का कोई सुसाईड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल दोनों युवकों के मौत का कारण अज्ञात है पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। क्षेत्र के लोगों में भय और आश्चर्य का वातावरण बना हुआ है। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि जन्मदिन की पार्टी मनाते-मनाते अचानक ऐसा क्या हो गया कि दोनों ने मौत को गले लगा लिया?
