
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिला स्तरीय 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर पशु चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएँ, रायगढ़ में पदस्थ डॉ. पूरनलाल पटेल को मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। डॉ. पटेल को यह सम्मान पशुधन सेवा, संरक्षण तथा पशु चिकित्सा विभाग में उत्कृष्ट कर्तव्य निर्वहन और समर्पित सेवा कार्यों के लिए दिया गया।

उल्लेखनीय है कि पशुओं में नस्ल सुधार हेतु 544 कृत्रिम गर्भाधान डॉ. पूरन लाल पटेल द्वारा सफलतापूर्वक किए गए। इसके साथ ही शल्य चिकित्सा के माध्यम से पशुओं के उपचार में भी उन्होंने सराहनीय कार्य किया। उनके द्वारा गायों में सिजेरियन प्रसव 61, प्रसव में कठिनाई (डिस्टोकिया) के 26 उपचार, कैंसर सर्जरी 3 तथा आवारा कुत्तों में 3 सर्जरी की गईं। इन सभी कार्यों के माध्यम से उन्होंने पशु कल्याण और पशु चिकित्सा सेवाओं को एक नई दिशा दी है। उनकी इन उपलब्धियों पर विभागीय अधिकारियों, सहकर्मियों एवं पशुपालकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
किसी बड़े सार्वजनिक मंच वह भी राष्ट्रीय पर्व पर सम्मानित होना हर किसी के लिए गौरव की बात होती है। प्रसिद्ध पशु चिकित्सक डॉ. पूरन पटेल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह निश्चित ही उनके और जिले वासियों के लिए गर्व तथा प्रेरणा का विषय है। डॉ. पटेल की तरह हर किसी को अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करना चाहिए, जिससे समाज और देश आगे बढ़े।
