तहतक न्यूज/लैलूंगा-रायगढ़, छत्तीसगढ़।
दान, दया, धर्म और परोपकार को जीवन का सबसे महत्वपूर्ण स्तम्भ माना गया है। यही वजह है कि मानव समाज में हर कोई कहीं न कहीं कुछ न कुछ परोपकार अपने जीवन में जरूर करता है। दीन दुखियों और जरुरतमंदों की सहायता करने से दिल को जो शांति और सुकून मिलता है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। ऐसे ही परोपकार की भावना से धनुर्जय शिक्षण व जनसेवा समिति बहामा ने क्षेत्र के गरीब व निःशक्त वृद्ध जनों को ठिठुरती ठंड में राहत पहुँचाने घर-घर जाकर कम्बल वितरण किया। इस नेक कार्य में समिति के अध्यक्ष शिवशंकर प्रधान, सचिव धर्मव्रत, उपाध्यक्ष जयप्रकाश प्रधान, वरिष्ठ सदस्य गण रोहित चौहान, जयशंकर प्रधान, विजय पटेल, दीपक यादव तथा बसंत पब्लिक स्कूल के समस्त स्टाफ ने बढ़-चढ़ कर सहयोग दिया।
आपको बता दें कि दिसंबर माह में इस क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ती है और गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले लोगों को खास कर बड़े-बुजुर्गों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। ठंड से बचने के लिए एकमात्र सहारा अलाव ही होता है, लेकिन सिमटते जंगलों में लकड़ी के अभाव में लोग ठंड में ही रात गुजारने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे में धनुर्जय शिक्षण व जनसेवा समिति बहामा द्वारा कम्बल वितरण का यह नेक कार्य निश्चित ही प्रशंसा के योग्य है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे ही जनहित के कार्यों में सभी समाज अथवा संस्थाओं को बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की जरुरत है।
धनुर्जय शिक्षण व जनसेवा समिति बहामा ने जरूरतमंद निःशक्त वृद्धजनों को किया कम्बल वितरण
Leave a comment
Leave a comment
