जमीन बँटवारे के विवाद में मंझले ने कर दी बड़े भाई की हत्या

तहतक न्यूज/बिलासपुर,छत्तीसगढ़।
लालच, केवल बुरी बला ही नहीं है अपितु एक खूबसूरत मोहिनी भी है, जिसके मायाजाल में फँस कर इंसान अपनी नियत बदल लेता है, नतीजे की परवाह न कर पारिवारिक रिश्ते-नातों की अहमियत को दरकिनार कर अपने ही खून के रिश्तों की बलि चढ़ा देता है और पूरे जीवन भर पश्चात्ताप के आँसू बहाता हुआ एक दिन इस दुनिया से अलविदा हो जाता है। ऐसी ही दिल को दहला देने वाली एक घटना प्रकाश में आयी है जिसमें जमीन के लालच में एक भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की हत्या कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर में जमीन बँटवारे को लेकर मंझले भाई, उसकी पत्नी और तीन बेटों ने मिलकर खरकेना निवासी फेंकूराम ध्रुव (बड़े भाई ) की लाठी, सब्बल से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि उसके दो भाई लेखूराम और नारद गांव में ही रहते हैं। उनकी जमीन का बंटवारा हो चुका है। लेकिन, दस्तावेज में छोटे भाई नारद का नाम नहीं है। मंझला भाई लेखूराम नारद को हिस्सा देना नहीं चाहता था जबकि, बड़ा भाई फेंकूराम उसे हिस्सा देने पर अड़ा था।इसी को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था। बीते रविवार की रात जमीन की हिस्सेदारी को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में गाली-गलौच होने लगा। इस बीच लेखूराम की पत्नी महेशिया ध्रुव, बेटा मिलाप ध्रुव, ईश्वर ध्रुव और नाबालिग बेटा भी आ गए और लाठी-सब्बल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल फेंकूराम की इलाज के दौरान मौत हो गयी।

बहरहाल, पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। इस घटना से पूरे गाँव में दहशत का माहौल और मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *