अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस कंट्रोल रूम में संपन्न हुआ विशेष कार्यक्रम

तहतक न्यूज/रायगढ़।
एक वो भी दिन थे जब हमारे देश को पुरुष प्रधान देश कहा जाता था और महिलाएं घूँघट व घर की दहलीज तक ही सीमित रहा करतीं थीं लेकिन आज की स्थिति बदल गयी है, महिलाएं बंधन की उस दहलीज को लाँघ कर पुरुषों से कहीं अधिक अपना वर्चस्व कायम कर सफलता का परचम फहरा रही हैं। इसी जीत का ही परिणाम है कि 8 मार्च को पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।

इसी क्रम में पुलिस कण्ट्रोल रूम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस द्वारा एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर केक काट महिला दिवस का जश्न मनाया गया और एक-दूसरे को शुभकामनायें दीं। पुलिस कप्तान दिव्यांग पटेल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सभी महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई व शुभकामनायें देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
उद्बोधन में एसपी पटेल ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं और हर चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम हैं। उन्होंने बीते चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई महिला पुलिसकर्मी और शिक्षिकाएं गर्भवती अवस्था में भी अपनी ड्यूटी पर तैनात रहीं। जब उनसे बातचीत की गई तो उन्होंने ड्यूटी को प्राथमिकता देने की बात कही, जो उनकी निष्ठा और साहस को दर्शाता है, ऐसे कई उदाहरण पुलिस विभाग में महिला पुलिसकर्मियों के हैं।
उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें महिला पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र, पुष्प गुच्छ और पौधा देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, श्रीमती उन्नति ठाकुर, उत्तम प्रताप सिंह, श्रीमती साधना सिंह, सुशांतो बनर्जी, महिला सेल प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर एवं जिला पुलिस के महिला पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *