दिवंगत पत्रकार मुकेश चंद्राकर को पत्रकारों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

तहतक न्यूज/रायगढ़।
प्रदेश में पत्रकारों के ऊपर अत्याचार, गाली-गलौच, मारपीट और फर्जी मामलों में फँसाने जैसे कई घटनाओं के बाद अब नृशन्स हत्या का दौर शुरू हो चुका है। अभी हाल ही में 01 जनवरी से लापता हुए बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की नृशंस हत्या कर दी गयी। इस हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। पत्रकार जगत में आक्रोश का माहौल है। आज रायगढ़ जिले के समस्त पत्रकारों ने इस अमानवीय घटना के विरोध में पैदल मौन जुलूस निकालकर न्याय की मांग की। सभी पत्रकारों ने हाथों में मोबाईल टॉर्च जला कर गांधी चौक से शुरू होकर कारगिल चौक, गुरुद्वारा रोड, और सुभाष चौक होते हुए गांधी चौक तक पैदल मार्च किया।

विरोध प्रदर्शन के पश्चात् पत्रकारों ने गाँधी प्रतिमा के पास दिवंगत साथी के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए मोमबत्ती जला कर दिवंगत साथी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करते हुए मौन श्रद्धांजलि दी और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

पत्रकारों ने मांग की कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की सजा दी जाए, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस घटना ने पत्रकारिता जगत में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है जिससे रायगढ़ सहित पूरे राज्य में न्याय की मांग जोर पकड़ रही है। पत्रकार साथी दिवंगत मुकेश चंद्राकर को दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि में पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ जिला इकाई रायगढ़ के पदाधिकारी व सदस्य गण भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *