💥युवती से छेड़खानी और फोटो स्टेटस में डालकर बदनाम करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। युवती से छेड़खानी करने और उसकी फोटो मोबाइल स्टेटस पर डालकर बदनाम करने की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत मालाकार (24 वर्ष), पिता नानू राम मालाकार, निवासी ग्राम सेमरा, पुसौर, वर्तमान पता चांदमारी, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती (20 वर्ष) ने दिनांक 27.11.2026 को महिला थाना पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब दो वर्ष पूर्व से उसकी आरोपी अजीत मालाकार से जान-पहचान थी और दोनों आपस में बातचीत करते थे। इसकी जानकारी परिजनों को होने के बाद युवती ने आरोपी से दूरी बना ली थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान करता था। युवती ने बताया कि दिनांक 04.11.2026 को सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसके घर पहुँचा और बातचीत नहीं करने पर बदनाम करने की धमकी देते हुए गलत नीयत से उसका हाथ एवं बांह पकड़कर छेड़खानी की। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसकी फोटो अपने मोबाइल के स्टेटस पर डालकर उसे बदनाम करने का प्रयास भी किया।
युवती की लिखित शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध पंजीबद्ध किया गया। महिला थाना प्रभारी उप-निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
बात करें तहतक की तो आधुनिक रहन-सहन, फैशनपरस्ती और प्यार-मोहब्बत के चक्कर में युवक-युवतियाँ बहक जाते हैं और ऐसा कुछ कर बैठते हैं जिसका खामियाजा दोनों तो भुगतते ही हैं, साथ में दोनों के परिवार और समाज को भी झेलना पड़ता है। इक्कीसवीं सदी में आज भी प्रेम-मोहब्बत के किस्से-कहानियों को सिर्फ रील लाइफ में मनोरंजन के तौर पर स्वीकार किया जाता है किन्तु, रीयल लाइफ में नहीं। क्योंकि, वास्तविक जीवन में लव स्टोरी का अंत अपवाद स्वरुप दो-चार को छोड़ दें तो अधिकतर कष्टदायक ही रहा है।



