फिर पकड़ा गया 28 टन लोहे के अवैध कबाड़ से भरा ट्रक


💥जब्त कबाड़ की कीमत करीब ₹9 लाख, ट्रक चालक के विरुद्ध की गयी वैधानिक कार्रवाई।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। कोतवाली पुलिस ने लाखा केलो डेम के पास कार्रवाई करते हुए 28 टन लोहे के कबाड़ से भरा ट्रक पकड़ा है। पुलिस ने ट्रक सहित करीब 9 लाख रुपये का कबाड़ जब्त कर अनावेदक वाहन चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।


         जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से अवैध कबाड़ लोड ट्रक के परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने लाखा केलो डेम के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रक क्रमांक RJ 02 GB 1654 को रोककर जाँच की। वाहन चालक अब्दुल वहाब पिता अब्दुल मुनाब, उम्र 50 वर्ष, निवासी-गदियामेश, थाना-हकलेरा, जिला-झालावाड़, राजस्थान से ट्रक में लोड सामान के संबंध में पूछताछ करने पर वह गोलमोल जवाब देने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने तिरपाल से ढके ट्रक की तलाशी ली, जिसमें लोहे के टुकड़े एवं टीन का सामान भरा हुआ मिला। कबाड़ के संबंध में चालक कोई संतोषप्रद दस्तावेज अथवा जवाब प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन में लोड कबाड़ का वजन कराया गया, जिसमें कुल 28 टन लोहे का कबाड़ होना पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने ट्रक मय कबाड़ जब्त कर वाहन चालक के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 08/2026, धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
          “अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी की संपत्ति के परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।
        बहरहाल, जिले में लोहे के कबाड़ का अवैध कारोबार लगभग पूरी तरह से बंद हो गया है लगता है लेकिन, दूसरे प्रांतों से यहाँ के उद्योगों में अवैध कबाड़ खपाने की चोरी-छिपे लगातार कोशिश हो रही है। बात तहतक की करें तो इस अवैध कारोबार में केवल वाहन चालकों पर ही कार्रवाई होने की खबरें सामने आती हैं जबकि, कबाड़ लेने वाले कंपनियों पर कार्रवाई किये जाने की कोई बात सामने नहीं आती। यदि, ऐसे उद्योगों पर भी कार्रवाई हो जो लोहे के अवैध कबाड़ की खरीद-फरोख्त करते हैं तो इस काले कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *