चलती ट्रेन में सीट के लिए घमासान, पुलिसवाले ने बीमार महिला को मारे घूसे-थप्पड़



💥छठ मनाकर लुधियाना लौट रहा था बिहार का एक परिवार।
तहतक न्यूज/पटना, उत्तरप्रदेश। देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार और कानून द्वारा किये जाने वाले बड़े-बड़े दावे उस वक्त खोखले साबित हो गए जब छठ पर्व मना कर ट्रेन से लौट रहे एक परिवार को वर्दी वाले गुंडों की दबंगई का सामना करना पड़ा। हद तो तब और हो जाती है जब आम जनता की रक्षा करने वाले पुलिस रक्षक का चोला ओढ़कर महिलाओं से मारपीट कर अपनी मर्दानगी दिखाती है। अगर आप भी कहीं सपरिवार सफर कर रहे हैं, खासकर ट्रेन में तो जरा संभलकर रहें। क्योंकि, रेलवे पुलिस रेल की सुरक्षा करती है न कि रेलयात्रियों की। ये हम नहीं कह रहे बल्कि, चलती ट्रेन में एक जीआरपी सिपाही द्वारा महिला यात्री से मारपीट का सोशल मीडिया में वायरल वीडियो कह रहा है। आपको बता दें कि दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद एक जीआरपी सिपाही द्वारा महिला यात्री से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह घटना उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नजीबाबाद के पास की बताई जा रही है।
       मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार की रहने वाली रूबी देवी अपनी बेटियों के साथ छठ पूजा के बाद लुधियाना लौट रही थीं और हाई ब्लड प्रेशर की मरीज होने के कारण तबीयत खराब होने पर लेटी हुई थीं। आरोप है कि सीट को लेकर विवाद बढ़ने पर सिपाही ने महिला को थप्पड़ मारे और धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। वीडियो में महिला की बेटियां अपनी मां को बचाने के लिए सिपाही से गुहार लगाती और बीच-बचाव करती नजर आ रही हैं।
जीआरपी के मुताबिक, महिला ने पूरी सीट पर लेटकर कब्जा कर रखा था और अन्य यात्रियों को बैठने की जगह नहीं दे रही थीं। जब एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो विवाद बढ़ गया और यात्रियों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की गई। वहीं, पीड़ित महिला की बेटी ने बताया कि उसकी मां की तबीयत काफी खराब थी। वह बीपी की मरीज हैं। ऐसे में परिवार ने दूसरी सीट पर जगह देने की कोशिश भी की। आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मी के साथ आई महिलाओं ने उनका फोन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। बेटी का आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने उसकी मां को नीचे गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनके गले का मंगलसूत्र भी टूट गया।
       घटना के सम्बन्ध में वरिष्ठ रेल अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती गलती भले ही महिला यात्री की रही हो, लेकिन सिपाही को संयम बरतना चाहिए था और महिला पुलिसकर्मियों के आने का इंतजार करना चाहिए था। बिजनौर जीआरपी ने एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात दो सिपाहियों—ललित सागर और अजय कुमार की शिकायत पर रूबी देवी, उनकी तीन बेटियों और दो अन्य पुरुष यात्रियों सहित कुल छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले में दो पुरुष यात्रियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
       वायरल वीडियो के सामने आने के बाद रेलवे और पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है और दोषी पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर विभागीय जाँच के आदेश दिए गए हैं।
       उल्लेखनीय है कि, इस मामले में अभी तक केवल यात्रियों के खिलाफ ही कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी हुई है, जबकि आरोपी जीआरपी सिपाहियों पर कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई या निलंबन नहीं हुआ है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और चौतरफा आलोचना के बावजूद, दोनों सिपाहियों के खिलाफ अभी तक निलंबन या किसी विभागीय दंड की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त की मानें तो शुरुआती गलती महिला यात्री की थी, क्योंकि भारी भीड़ के बावजूद वह पूरी सीट पर लेटी हुई थीं और उन्होंने पहले सिपाही का कॉलर पकड़ा व धक्का दिया। हालांकि, रेलवे ने यह भी माना है कि सिपाही को स्थिति को बेहतर तरीके से संभालना चाहिए था।
        बात करें तहतक की तो पुलिस हो या कोई और सरकारी नौकर, ओछी मानसिकता वाले कुछ ऐसे लोग हैं जो आम जन मानस को अपनी जूती के बराबर समझते हैं। खाकी वर्दी एक ऐसी वर्दी है जिसका हर कोई सम्मान करता है चाहे आम इंसान हो या खास, लेकिन किसी अहंकारी को जब यह पद मिल जाता है तो वह किसी को कुछ समझता ही नहीं है और सामने वाले को बेइज्जत करने हाथ उठा देता है। हर किसी का अपना आत्मसम्मान होता है और किसी के सम्मान को चोट पहुँचाना गंभीर अशिष्टता है। सीधे-सादे और भले इंसानों को दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट का सामना करते अक्सर पुलिस विभाग में देखा जाता है। यही वजह है कि आम जनमानस कुछ हद तक अत्याचार सह लेता है, लेकिन थाने की दहलीज पर कदम रखना पसंद नहीं करता। ऐसे में लोकतंत्र के लिए यह एक बेहद ही गंभीर चिंता का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *