तहतक न्यूज/कांकेर,छत्तीसगढ़। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी और उनके सहयोगी सीए इमरान मेमन को ₹1.50 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अधिकारी के आदर्श नगर स्थित निवास पर दबिश देकर की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांकेर के कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि ई-वे बिल जाँच के दौरान पकड़े गए उनके ट्रक को छोड़ने और जीएसटी जुर्माने व कार्रवाई में राहत देने के बदले ₹1.50 लाख की मांग की गई थी।

रिश्वत की रकम नाली में फेंकी
रायपुर और जगदलपुर की 18 सदस्यीय संयुक्त टीम को सामने देखते ही असिस्टेंट कमिश्नर घबरा गईं और रिश्वत के नोटों के बंडल घर के बाहर नाली में फेंक दिए। टीम ने नाली से पूरी रकम बरामद कर ली। दोनों आरोपियों के हाथ धुलवाने पर केमिकल की पुष्टि हुई, जिसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी को निलंबित कर दिया गया है और उनके ठिकानों पर संपत्ति की भी जाँच की जा रही है। एसीबी की टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आय से अधिक संपत्ति की जाँच
रिश्वत के मामले में गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने अंचला गिरी के आवास पर तलाशी अभियान चलाया है। टीम को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का संदेह है, जिसके चलते घर से मिले दस्तावेजों, संपत्ति के रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जाँच की जा रही है।
विभागीय निलंबन
मार्च 2025 से कांकेर में पदस्थ द्वितीय श्रेणी की इस अधिकारी को गिरफ्तारी के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


