कोचियों और बिचौलियों में हड़कंप, प्रशासनिक टीम ने अवैध रूप से भंडारित 965 कट्टा धान किया जप्त


तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के लैलूंगा तहसील के ग्राम झगरपुर में प्रशासनिक टीम ने दो गोदामों की जाँच कर कुल 965 कट्टा धान जब्त किया। एसडीएम लैलूंगा राकेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में खाद्य निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम ने झगरपुर स्थित गोदामों का निरीक्षण किया। जाँच के दौरान संतोष अग्रवाल के गोदाम में 900 कट्टा तथा विकास अग्रवाल के गोदाम में 65 कट्टा धान भंडारित पाया गया। टीम ने दोनों गोदामों से कुल 965 कट्टा धान जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की।
        विदित हो कि कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा धान के भंडारण एवं परिवहन पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके लिए राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर विभिन्न क्षेत्रों में गोदामों और धान भंडारण स्थलों की नियमित जाँच की जा रही है। जाँच के दौरान भंडारण से संबंधित दस्तावेजों एवं उपलब्ध धान का सत्यापन भी किया जा रहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अवैध भंडारण एवं परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल जाँच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *