तहतक न्यूज/जशपुर, छत्तीसगढ़। ड्रंक एन्ड ड्राइव को लेकर यातायात विभाग कितना भी कार्रवाई कर ले, लेकिन आज की युवा पीढ़ी के लिए यह शौक बन गया है। जहाँ चार यार मिल जाएं तो फिर मस्ती सिर चढ़ कर बोलने लगती है। नियम-कानून को ताक पर रखकर मनमानी तो करते ही हैं वहीं आम लोगों की जान की भी परवाह नहीं करते। बता दें कि, आर्टिगा कार में सवार नशे में धुत्त युवकों ने बीच शहर में कुछ ऐसा तांडव मचाया कि लोग हक्के-बक्के रह गए। उनकी तेज रफ्तार और अनियंत्रित अर्टिगा कार ने एक नहीं दो नहीं, एक के बाद एक कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। वहीं, इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि कई लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पालीडीह स्थित जिंदल बजाज शोरूम के समीप एक तेज रफ्तार आर्टिगा कार अनियंत्रित होकर शोरूम के पास खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, इस दौरान शोरूम के कई कर्मचारी भी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। कार में सवार चारों युवक नशे में धुत्त थे।
इस अप्रत्याशित घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुँची और कार में सवार एक युवक को हिरासत में ले लिया है, बाकि अन्य युवक मौके से फरार हो गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे खंगालने में पुलिस जुटी है।



