तहतक न्यूज/कांकेर,छत्तीसगढ़। जिले के भानुप्रतापपुर में धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले रकबा शून्य किए जाने और फसल बर्बादी का मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने मुख्य चौक पर चक्काजाम किया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण शुक्रवार दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक करीब दो घंटे यातायात पूरी तरह ठप रहा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार किसानों ने अपनी 16 सूत्रीय माँगों को लेकर यह प्रदर्शन किया। धान खरीदी के लिए किए गए सर्वे में कई किसानों का रकबा शून्य कर दिया गया है, जिससे वे समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित हो रहे हैं।
विदित हो कि, कम बारिश और कीट प्रकोप के कारण धान की फसल खराब होने के बावजूद किसानों को फसल बीमा और मुआवजा नहीं मिला है। किसानों का आरोप है कि 23 अक्टूबर को ज्ञापन सौंपने के बाद भी प्रशासन ने एग्रीस्टैक और स्थानीय लैम्पस से जुड़ी तकनीकी व जमीनी दिक्कतों को हल नहीं किया।भानुप्रतापपुर के मुख्य चौक पर चक्काजाम होने से राजनांदगांव, दुर्ग, कांकेर, नारायणपुर और कोंडागांव की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शनकारी किसान अपनी माँगों को लेकर प्रशासन से लिखित आश्वासन पर अड़े रहे और समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
भानुप्रतापपुर में मुख्य चौक पर यातायात बाधित होने की खबर मिलते ही एसडीएम गंगाधर वाहिले ने मौके पर पहुँचकर प्रदर्शनकारी किसानों से संवाद किया। किसानों के लिखित और ठोस आश्वासन पर अड़े रहने के बाद प्रशासन ने किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठकर उनकी 16 सूत्रीय मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक चर्चा करने तथा समस्याओं के जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया और जाम समाप्त करने की अपील की। उनके इस आश्वासन के बाद ही किसानों ने दो घंटे से चल रहा चक्काजाम समाप्त किया और यातायात बहाल हुआ।
संयुक्त किसान संघ के अध्यक्ष बीरेंद्र कोरेटी सहित अन्य नेताओं ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने प्रशासन के आश्वासन पर फिलहाल जाम खोल दिया है। यदि धान खरीदी और मुआवजे से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ, तो वे और अधिक उग्र आंदोलन करेंगे।


