तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। आम जनता को साइबर ठगी से बचाने के लिए पुलिस क्या-क्या जतन नहीं कर रही है, लेकिन ठगबाज भी "तू डाल-डाल तो मैं पात-पात" की तर्ज पर बेखौफ होकर आँख-मिचौली का खेल खेल रहे हैं। बता दें कि, इन दिनों सायबर ठगों ने आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने निशाने पर लिया है, जिससे आँगनबाड़ी कार्यकर्ता महिलाओं में दहशत का माहौल है।
स्वयं को निर्वाचन अधिकारी अथवा बीएलओ बताने वाले सायबर ठग बड़ी चालाकी से आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर एप अपडेट के नाम पर फर्जी कॉल करते हुए सस्पेंड कराने की धमकी दे रहे हैं। ऐसे में अब पीड़ित आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पुलिस में इसकी शिकायत करते हुए कार्रवाई की माँग की है।

दरअसल, आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन में अज्ञात व्यक्ति मोबाइल नंबर (6207893617) से फोन कर खुद को उनका अधिकारी बताते हुए पोषण ट्रेकर एप अपडेट के नाम पर ओटीपी की मांग करता है और जब आँगनबाड़ी कार्यकर्ता किसी भी तरह के ओटीपी शेयर करने से इंकार करती हैं तो वह कथित बीएलओ उन्हें सस्पेंड करने की धमकी देता है।हैरानी की बात यह है कि ट्रू कॉलर में भी फोन करने वाले का नाम बीएलओ दिखाता है। जब कई कार्यकर्ताओं को एक ही मोबाइल नंबर 6207893617 से फर्जी बीएलओ फोनकर धमकी देने लगा तो परेशान महिलाओं ने इसकी जानकारी अपने प्रमुख अनिता नायक को दी और सलाह मशविरा कर चक्रधर नगर थाने स्थित सायबर सेल में लिखित शिकायत पत्र सौंपी है।
बहरहाल, पोषण ट्रैकर एप को अपडेट कराने का झांसा देकर ओटीपी की मांग करने वाले कथित बीएलओ के कारस्तानी की जानकारी आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने व्हाट्सएप ग्रुप में देते हुए अपने साथियों से अपील की है कि वे ऐसे सायबर ठगों के झांसे में न आएं और न ही ओटीपी शेयर करें। वहीं, दूसरी ओर पुलिस की सायबर सेल इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कथित बीएलओ के नंबर की जाँच कर पतासाजी में जुट गयी है।
बढ़ते साइबर ठगी के मामले में बात तहतक की करें तो ये साइबर ठग आम लोगों की मानसिकता को भांप कर नये-नये तरीके से डर पैदा कर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में घबराने की जरुरत नहीं है। धैर्य से काम लें और तत्काल साइबर सेल को सूचना दें।


